आगरा : पति ने पत्नी के बाथरूम में लगाया हिडन कैमरा, आपत्तिजनक वीडियो बनाए
आगरा में शादी के 6 महीने बाद ही ससुरालियों ने बहू का उत्पीड़न शुरू कर दिया। 1 करोड़ रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और हीरे की अंगूठियां लेकर शादी करने के बाद भी ससुरालियों ने बहू को जमकर प्रताड़ित किया।
अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट की गई। ननद के कहने पर पति ने बेडरूम और बाथरूम में कैमरे लगवाकर पत्नी के आपत्तिजनक वीडियो बना लिए। वहीं बर्बर मारपीट के चलते ढाई महीने की गर्भवती बहू का गर्भपात हो गया। मामला थाना न्यू आगरा थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता की मां के मुताबिक, बेटी की शादी 26 नवंबर 2025 को शमसाबाद रोड निवासी युवक से की थी। ससुराल वालों ने युवक की हैदराबाद में मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी बताई थी। शादी में करीब एक करोड़ रुपया खर्चा किया था। आरोप है कि शादी के बाद सास-ससुर और ननद ने 21 लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी।
विरोध करने पर सास और ननद ने पीटा। सारे गहने और नकदी छीन ली। हनीमून के लिए 10 लाख रुपये अलग से वसूले। वहां भी पति ने नशे में मारपीट की।
31 दिसंबर 2025 को फतेहाबाद रोड स्थित मैशन क्लब में पार्टी के दौरान पति ने मां-बहन की गालियां दीं और पीटा। उसी रात नशे में फोन खुला रह गया। व्हाट्सएप चैट से पता चला कि पति, सास और ननद मिलकर पीड़िता के खिलाफ साजिश रच रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि जान से मारने की प्लानिंग थी। भाई-बहन को अश्लील हरकत करते पकड़ने पर जाने से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया।
4 फरवरी को सुलह के बाद ससुराल वाले वापस ले गए। ननद को ये रास नहीं आया। उसने हैदराबाद से आकर भाई के साथ मिलकर बेडरूम और बाथरूम में वीडियो रिकॉर्डर लगा दिए। बाथरूम की रिकॉर्डिंग से ब्लैकमेल करने लगे। साइलेंट टॉर्चर से मेरी बेटी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान उसने पति की नपुंसकता की दवाइयां और भाई-बहन को ड्रग्स लेते पकड़ लिया।
15 फरवरी 2026 को सास-ससुर और पति ने फिर पीटा। ब्लीडिंग शुरू होने पर रात 12:30 बजे पीड़िता ने मायके फोन किया। परिजन रात 2 बजे उसे ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान ढाई महीने का गर्भ गिर गया।
रिश्ता कराने वाले चाचा ने मामला सुलझाने के नाम पर फिर 1 करोड़ रुपये मांगे। जांच में पता चला शमशाबाद रोड का आलीशान घर नानी के नाम है। हैदराबाद में फ्लैट होने का दावा भी झूठा निकला। पति की सैलरी स्लिप और कागजात फर्जी थे। वह हैदराबाद में बहन और दो अन्य लड़कियों के साथ रहता है।
पीड़िता की मां की तहरीर पर न्यू आगरा पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और चाचा ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष न्यू आगरा निशामक त्यागी ने बताया तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, ननद सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

