मुजफ्फरनगर : ससुराल में करोड़पति दामाद ने सास-सरहज को गोली मारी
मुजफ्फरनगर के पॉश इलाके में करोड़पति दामाद ने सोमवार रात बेटे की बर्थडे पार्टी के दौरान ससुरालवालों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली सास-सरहज समेत 3 महिलाओें को लगी। तीनों खून से लथपथ होकर फर्श पर गिर पड़ीं। दर्द से कराहने लगीं।
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पार्टी में आए रिश्तेदार और दोस्त जान बचाकर भागने लगे। कुछ ने घर के अंदर कमरों में छिपकर जान बचाई। कुछ घर से बाहर भाग गए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो दामाद हाथ में लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मौके पर ही खड़ा मिला। पुलिसवालों ने आरोपी से रिवॉल्वर छीनी और उसे पकड़कर थाने ले गई। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर तीनों को मेरठ रेफर कर दिया गया।
वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी की है। पुलिस के मुताबिक, दामाद बेटे को लेकर जन्मदिन मनाने देहरादून से अपनी ससुराल मुजफ्फरनगर आया था। उसका पत्नी से तलाक और बच्चे की कस्टडी को लेकर केस चल रहा है।
अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझिए-
- शहर की पंचशील कॉलोनी की रहने वाली राधिका मित्तल ने करीब 14 साल पहले नई मंडी थाना क्षेत्र के अनंत मित्तल से लव मैरिज की थी। दोनों का 13 साल का बेटा यशराज है। अनंत के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी है। मुजफ्फरनगर और देहरादून में करोड़ों के कॉम्प्लेक्स हैं। जिनका रेंट लाखों में आता है।
- पुलिस ने बताया- लव मैरिज के बाद अनंत और राधिका के बीच विवाद शुरू हो गया। करीब ढाई साल पहले दोनों अलग हो गए थे। राधिका ने कोर्ट में तलाक की अर्जी लगा रखी है। मामला कोर्ट में पेंडिंग है। राधिका अब मायके में रहती है, जबकि अनंत देहरादून में रहता है।
- सोमवार को यशराज का जन्मदिन था। बर्थडे पार्टी के लिए अनंत ससुराल आया था। घर में सेलिब्रेशन चल रहा था। इसी दौरान रात करीब साढ़े 8 बजे पुराने विवाद को लेकर अनंत-राधिका में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो सास और सरहज ने बीच-बचाव किया। इससे अनंत और भड़क गया।
- पुलिस ने बताया कि उसने अचानक लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली सास क्षमा मित्तल (50) के कंधे और एक सरहज अपूर्वा मित्तल (35) के पेट पर लगी। दो गोलियां मिस हो गईं। उसने सास-सरहज को बचाने आईं चाची सास सविता मित्तल (50) पर फायरिंग की। गोली उनके पेट में लगी।
- इसके बाद अनंत की रिवॉल्वर जाम हो गई। इस वजह से वह फायर नहीं कर पाया और हाथ में रिवॉल्वर लेकर वहीं टहलने लगा। जोर-जोर से चिल्लाने लगा। परिवार और लोगों को जान से मारने की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

