Crime News

बिजनौर : छात्र ने एकतरफा प्यार में टीचर को गोली मारी, पढ़ाते वक्त क्लास में किया हमला

बिजनौर में एकतरफा प्यार में छात्र ने टीचर को गोली मार दी। छात्र ने हमला उस वक्त किया, जब वह क्लास में पढ़ा रहीं थीं। पेट में गोली मारकर आरोपी भाग गया। घटना का CCTV सामने आया है। इसमें आरोपी हाथ में तमंचा लेकर बाहर निकलकर बाइक से भागता दिख रहा है।

घटना शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र स्थित कंप्यूटर सेंटर की है। घायल टीचर कोमल देवल (25) को साथी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी छात्र प्रशांत (23) को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कहा- वह दूसरे लड़के से बात करने लगी थी। इसलिए, मारने का प्लान बनाया।

बुखारा रोड पर RCTI कंप्यूटर सेंटर है। कोमल देवल यहां पढ़ाती हैं। शुक्रवार सुबह कोमल क्लास ले रहीं थीं। तभी प्रशांत बाइक से वहां पहुंचा। वह सीधे क्लास में घुस गया। कोमल को देखते ही उसने कमर से तमंचा निकाला और गोली मार दी। क्लास में अचानक हुई फायरिंग से वहां भगदड़ मच गई। स्टूडेंट्स वहां से भागने लगे।

कंप्यूटर सेंटर के मालिक एमयू खान ने बताया- गोली की आवाज सुनकर स्टाफ भागकर क्लास में पहुंचा। तब तक आरोपी छात्र भी मौके से भाग गया। खून से लथपथ कोमल जमीन पर पड़ी थी। स्टाफ ने पुलिस और परिवार को सूचना दी। कोमल मोहल्ला चौधरीयान की रहने वाली है। पिता का नाम सुदेश देवल है।

कंप्यूटर सेंटर में साथ में पढ़ाने वाली टीचर रेनू ने बताया- कोमल अपनी क्लास में पढ़ा रही थी। अचानक तेज आ‌वाज आई। कुछ देर के लिए लगा कोई टायर फटा है। फिर जाकर देखा, तो कोमल जमीन पर पड़ी तड़प रही थी। गोली मारने वाला लड़का प्रशांत इसी कोचिंग में पढ़ता था। उसने 6 महीने का एक कोर्स किया था। 3 मार्च, 2023 को उसने कोचिंग छोड़ दी थी। वह दो साल से कोमल को परेशान कर रहा था।

एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया- टीचर को पेट में गोली लगी है। प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया गया है। CCTV में आरोपी युवक हाथ में तमंचा लेकर सेंटर से बाहर निकलता दिख रहा है

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रशांत ने बताया- दो साल से कोमल से उसकी दोस्ती थी। पिछले कुछ दिनों से उसकी दोस्ती किसी दूसरे लड़के से बढ़ने लगी थी। ये मुझे बर्दाश्त नहीं हो रहा था। मैं उसको कई बार टोक चुका था। लेकिन मेरी बात नहीं मान रही थी। एक-दो दिन पहले भी मैंने उसको समझाया। जब वो नहीं मानी, तो मैंने उसे मारने का फैसला कर लिया। शुक्रवार सुबह मैं तमंचा लेकर कंप्यूटर सेंटर पहुंचा और गोली मारकर भाग गया।

गंभीर घायल टीचर को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली उनके पेट में फंसी है। ब्लीडिंग ज्यादा हो गई। इसलिए, हालत गंभीर है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *