GAME & OTHER STORIES

पिता चलाते हैं ई-मित्र केंद्र, बेटी ने नेशनल एथलेटिक्स में जीता गोल्ड

सीकर. साधारण परिवार, सीमित संसाधन और आंखों में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सपना. इन चुनौतियों के बीच लोसल की बेटी दीपिका ने अपनी मेहनत और हौसले से एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सीकर का नाम रोशन किया है. हाल ही में चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दीपिका ने अंडर-18 आयु वर्ग की 1000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

दीपिका की इस उपलब्धि के पीछे करीब पांच साल का संघर्ष और लगातार अभ्यास छिपा है. तीन बहनों में सबसे छोटी दीपिका का एक छोटा भाई भी है. उनके पिता लोसल में ई-मित्र केंद्र चलाते हैं. इसी से परिवार का गुजारा होता है. आर्थिक संसाधन सीमित होने के बावजूद परिवार ने दीपिका के खेल के जुनून को कम नहीं होने दिया. दीपिका ने भी परिस्थितियों को अपनी राह का रोड़ा बनाने के बजाय उन्हें चुनौती के रूप में स्वीकार किया. दीपिका ने करीब पांच साल पहले लोसल में ही एथलेटिक्स की तैयारी शुरू की थी. शुरुआत में स्थानीय स्तर पर अभ्यास करते हुए उन्होंने धीरे-धीरे अपनी दौड़ और फिटनेस पर काम किया. बेहतर प्रशिक्षण और खेल में आगे बढ़ने के उद्देश्य से वे सीकर आ गईं. यहां खेल स्टेडियम में नियमित अभ्यास शुरू किया. कड़ी मेहनत का परिणाम भी मिला और उन्होंने सीकर को कई पदक दिलाकर अपनी प्रतिभा साबित की. खेल में आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं की जरूरत महसूस हुई. सीकर में अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलने पर दीपिका ने हार मानने के बजाय एक और कठिन फैसला लिया. वे बेहतर तैयारी के लिए श्रीगंगानगर चली गईं और वहां प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और मजबूत किया. घर से दूर रहकर अभ्यास करना और लगातार खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करना उनके संघर्ष का अहम हिस्सा रहा. चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतना दीपिका की पांच साल की मेहनत का बड़ा परिणाम है. सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच शुरुआत करने वाली दीपिका ने साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.




Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *