यूपी के 15 शहरों में कोहरा, नोएडा-गाजियाबाद की हवा खराब:AQI 300 पार
यूपी में दिवाली के बाद कोहरा और धुंध बढ़ गई है। मंगलवार सुबह संभल, हापुड़, बिजनौर, शामली समेत 15 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। कुछ जगह विजिबिलिटी इतनी कम रही कि 10-20 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया।
दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद हवा में प्रदूषण भी बढ़ गया है। सोमवार शाम नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 332, बुलंदशहर का 331, गाजियाबाद का 324 और बागपत का 305 रिकॉर्ड किया गया।
इधर, प्रदेश में तापमान 15°C से नीचे पहुंच गया है। हरदोई 14.5°C और कानपुर 14.6°C के साथ सबसे ठंडे रहे। मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दो दिन बाद कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं तेज होते ही न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। इससे ठंड का असर बढ़ जाएगा।
बड़े शहरों का हाल जानिए-
- लखनऊ: लखनऊ में ठंड बढ़ गई है। सुबह के वक्त हल्का कोहरा दिखाई दिया। हवा की क्वालिटी भी खराब रही। AQI 200 रिकॉर्ड किया गया।
- कानपुर: सुबह से सर्द हवाएं चल रही हैं। सड़कों पर हल्की धुंध देखी जा रही है। मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि दिन में धूप के चलते पारा बढ़ेगा। रात में ठंड पड़ेगी।
- वाराणसी: काशी में मौसम साफ है। हालांकि, दिवाली पर आतिशबाजी के बाद धुंध दिखाई दे रही है। हवा में नमी की वजह से ठंड का एहसास हो रहा है।
- प्रयागराज: प्रयागराज में मौसम साफ है। हवाओं की वजह से ठंड का एहसास हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। शहर में धुंध दिखी।

