यूपी भाजपा की नई टीम में ब्राह्मण-ठाकुर कम हुए OBC की संख्या 16 से बढ़कर 25
विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में गुरुवार को भाजपा की नई टीम का ऐलान कर दिया गया। 64 पदाधिकारियों की इस लिस्ट में 52 लोगों को प्रदेश कार्यकारिणी यानी प्रदेश टीम में जगह मिली है। इनमें 19 उपाध्यक्ष, 19 मंत्री, 8 महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष हैं। इसके अलावा, 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारी भी बनाए गए हैं।
सपा से बगावत करने वालीं विधायक पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह की भी प्रदेश टीम में एंट्री हुई है। उन्हें उपाध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा, प्रतापगढ़ के रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को मिलाकर अब 54 लोगों की टीम हो गई है। टीम में 13 महिलाएं हैं। पिछली बार की तुलना करें तो ओबीसी की संख्या 16 से बढ़कर 25 हो गई है। सामान्य वर्ग के 21 चेहरों को प्रदेश टीम में जगह मिली है।
ठाकुरों की संख्या 7 से घटकर 6 और ब्राह्मणों की संख्या 8 से घटकर 7 हो गई है। इसके अलावा 4 भूमिहार, 3 वैश्य और 1 श्रीवास्तव को जगह मिली है। अनुसूचित जाति (SC) की बात करें तो 7 लोगों को जगह दी गई है। वहीं, अनुसूचित जनजाति (ST) में सिर्फ इंजीनियर विद्याभूषण गोंड को जगह दी गई है।
नई टीम में सिर्फ 7 चेहरे रिपीट हुए
52 सदस्यों की प्रदेश कार्यकारिणी में से सिर्फ 7 चेहरे रिपीट हुए हैं। पिछली कार्यकारिणी में 18 उपाध्यक्ष थे, इस बार 19 हैं। इनमें सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, मोहित बेनीवाल और धर्मेंद्र सिंह यानी 4 चेहरों को रिपीट किया गया है। बाकी 15 नए चेहरे उपाध्यक्ष बने हैं। नई टीम में 8 महामंत्री हैं। इनमें सिर्फ संजय राय रिपीट हुए हैं। बाकी 7 नए चेहरे हैं।
पिछली कार्यकारिणाी में 16 प्रदेश मंत्री थे। इस बार इनकी संख्या बढ़कर 19 की गई है। इनमें सिर्फ 2 पुराने चेहरे विजय शिवहरे और शिवभूषण सिंह शामिल किए गए हैं। बाकी 17 नए चेहरे शामिल हुए हैं। मोर्चा अध्यक्ष में भी कोई रिपीट नहीं हुआ है।
अब चौंकाने वाले नामों के बारे में पढ़िए-
- पूजा पाल – सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पूजा पाल को मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी, हालांकि तब जगह नहीं मिली थी।
- नीरज सिंह– राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह की जगह उनके छोटे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पंकज सिंह भूपेंद्र चौधरी की टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष थे। पंकज 2010 से लगातार प्रदेश टीम में शामिल थे, इसलिए उनका हटना तय माना जा रहा था।
- सरोज कुशवाहा- महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनाई गई हैं। अभी मिर्जापुर जिले की जिला प्रभारी हैं। काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। महिला मोर्चा से ही राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की थी। मिर्जापुर जिला संगठन में विभिन्न पदों पर रह चुकी हैं। वे ग्राउंड लेवल कार्यकर्ता से क्षेत्रीय स्तर और अब राज्य स्तर की जिम्मेदारी संभालेंगी।
- डॉ. रोहित मिश्रा- अभी तक युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष थे। अब प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। वे प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील के रहने वाले हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। 2016 में इलाहाबाद विवि छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। 2017-18 में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं।
- कृष्ण बिहारी राय- उपाध्यक्ष बने कृष्ण बिहारी जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा के करीबी लोगों में गिने जाते हैं। वे गाजीपुर के रहने वाले हैं। मनोज सिन्हा के हर चुनाव में बूथ स्तर तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। क्षेत्र में लोग उन्हें प्यार से मास्टर साहब कहते हैं।
- अभिजात मिश्रा- प्रदेश मंत्री रहे हैं। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे हैं। लखनऊ के रहने वाले हैं। युवा और मुखर ब्राह्मण नेता के तौर पर पहचान बनाई है। समय-समय पर सनातन धर्म, संस्कृति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते हैं।
शाह के पीए और पत्रकार यतेंद्र शर्मा मंत्री बनाए गए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी मांट के विधायक राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। गृहमंत्री अमित शाह के पीए अंकुर शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पत्रकार यतेंद्र शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पूर्व मंत्री सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रकाश पाल पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। अभी तक कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष थे। वे पूर्णकालिक प्रचारक रह चुके हैं। कानपुर के रहने वाले हैं। भाजपा में लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं। इसके अलावा, इंजीनियर विद्याभूषण गोंड एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। वे अभी तक एसटी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। इलाहाबाद से बीटेक और आईआईएम लखनऊ से एमडीपी (मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम) कर चुके हैं। गोंड समाज से आते हैं।
सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष बदले
- भाजपा ने सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्ष बदल दिए हैं। पश्चिम में नवाब सिंह नागर, ब्रज में पूरनलाल लोधी, कानपुर में राम किशोर साहू, अवध में अवधेश कुमार द्विवेदी, काशी में अशोक चौरसिया और गोरखपुर में विनोद राय को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
- काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे दिलीप पटेल को प्रमोट कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। कानपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे प्रकाश पाल को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। ब्रज के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे ध्रुवविजय शाक्य को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
- गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे सहजानंद राय को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे सत्येंद्र सिसोदिया और अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे कमलेश मिश्रा को कहीं जगह नहीं मिल सकी है।
इन्हें मिला प्रमोशन अभिजात मिश्रा को प्रदेश मंत्री से प्रमोट कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। इन्हें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का करीबी माना जाता है। अर्चना मिश्रा को भी प्रदेश मंत्री से प्रमोट कर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं, गीता शाक्य का भी प्रमोशन हुआ है। उन्हें महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष से पदोन्नत कर भाजपा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। प्रदेश मंत्री शंकर लोधी को पदोन्नत कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे दिलीप पटेल को भी प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।

