अलीगढ़ : 400 रुपए के विवाद में युवक-युवती में मारपीट
अलीगढ़, बन्नादेवी थाना क्षेत्र स्थित रेलवे माल गोदाम के पास 400 रुपये के विवाद को लेकर एक युवक और युवती के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो 4 जुलाई 2026 दिन शनिवार समय करीब 8:00 बजे को चर्चा का विषय बना।
वायरल वीडियो में युवक खुद को ‘लकी’ बताते हुए दावा कर रहा है कि वह मथुरा से दर्शन कर अलीगढ़ लौट रहा था। युवक के अनुसार, ऑटो में उसके बगल बैठी युवती ने उसकी जेब से 400 रुपये निकाल लिए। युवक का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया, तो युवती ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन सड़क किनारे काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
वीडियो में युवक लगातार अपने रुपये वापस दिलाने की मांग करता दिख रहा है। आसपास के लोग उसे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह देते सुनाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती नशे की हालत में लग रही थी, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

