यूपी में भीषण गर्मी, पारा 45 डिग्री के पार
यूपी में पिछले 10 दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में प्रयागराज देश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 45.2°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा काशी, हमीरपुर और आगरा का पारा भी 44 डिग्री के पार चला गया।
मौसम विभाग के मुताबिक आज 60 जिलों में लू चल रही है। लोग चेहरा ढककर और छाता लेकर ही घर से निकल रहे हैं। काशी में घाटों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। घाटों पर पर्यटकों के न आने के चलते नाविकों ने सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालन बंद कर दिया है। लू से राहत दिलाने के लिए सिग्नल पर रुकने वाले यात्रियों के लिए ग्रीन नेट लगाई गई है। आगरा और कानपुर में सड़कों पर नगर निगम पानी की बौछारें डाल रहा है, ताकि राहगीरों को दिक्कत न हो।
गर्मी का असर जानवरों पर भी पड़ रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में दरियाई घोड़ा पानी से बाहर नहीं निकल रहा है। कानपुर में गर्मी ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7°C दर्ज किया गया। इससे पहले, 2008 में अप्रैल में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंचा था।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें। 21 जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट है, यानी रातें भी गर्म रहेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि कल यानी रविवार से मौसम में बदलाव होगा। 26 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी।

