बुलंदशहर : 21 से 26 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी
बुलंदशहर में आगामी 21 से 26 अप्रैल तक हीटवेव (लू) चलने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर आ गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से सतर्क रहने और बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार, इन दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रहने और लू चलने की आशंका है। प्रशासन ने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, मजदूरों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पेय पदार्थों का सेवन करने की भी सलाह दी
जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने को कहा है। बाहर जाते समय सिर ढकने, सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनने तथा नियमित रूप से पानी पीते रहने की अपील की गई है। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी, नारियल पानी और आम पन्ना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की भी सलाह दी गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कमजोरी, चक्कर या तबीयत बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। लोगों से रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से मौसम की जानकारी लेते रहने को भी कहा गया है।
इसके अतिरिक्त, दोपहर में अधिक श्रम करने, बासी भोजन, चाय-कॉफी, शराब और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों से बचने की हिदायत दी गई है। बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की भी अपील की गई है। प्रशासन ने जोर दिया है कि सतर्कता और सावधानी ही लू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

