Dailynews

यूपी में 42 हजार पदों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा

उत्तर प्रदेश में 42 हजार होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए शनिवार सुबह 10 बजे से पहली पाली की परीक्षा शुरू हो गई है। परीक्षा केंद्रों पर सख्त चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। रेटिना स्कैन और बायोमेट्रिक जांच की गई।

यूपी होमगार्ड परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन ने 4 स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इससे परीक्षार्थियों को आने-जाने में राहत होगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि 25, 26, 27 अप्रैल को उप्र होमगार्ड परीक्षा होनी है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। 04220 लखनऊ जंक्शन जौनपुर परीक्षा स्पेशल शाम 6:20 बजे चलकर बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, अकबरपुर, शाहगंज से होते हुए जौनपुर पहुंचेगी। 04222 लखनऊ जंक्शन प्रयाग परीक्षा स्पेशल शाम 5:30 बजे चलकर निहालगढ़, सुल्तानपुर, मां बेल्हादेवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन व फाफामऊ से होते हुए प्रयाग पहुंचेगी। 04223 वाराणसी मऊ परीक्षा स्पेशल शाम छह बजे चलकर जौनपुर, औड़िहार से होते हुए मऊ जाएगी तथा 04224 वाराणसी बिजौली स्पेशल शाम 6:35 बजे चलकर औड़िहार, गाजीपुर, यूसुफपुर होते हुए बिजौली पहुंचेगी।

जौनपुर में अभ्यर्थियों के जूते उतरवाए गए। संभल में कलावा काटा गया। इसके अलावा, जूते, बेल्ट, कंगन और ताबीज भी उतरवाए गए। प्रदेश के 1053 केंद्रों पर आज से शुरू हुई परीक्षा तीन दिन यानी 27 अप्रैल तक चलेगी। इसमें 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा को देखते हुए 3 दिन तक पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट मोड पर है। परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें वैकल्पिक सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने बताया कि श्रावस्ती को छोड़कर बाकी सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

यूपी में दरोगा भर्ती की परीक्षा के समय कलावा काटने और मंगलसूत्र निकालने पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने निर्देश जारी किए थे। भर्ती बोर्ड ने कहा- किसी भी अभ्यर्थी के धारण किए गए धार्मिक सांस्कृतिक चिह्नों जैसे कलावा, मंगलसूत्र को न उतारा जाए। अगर ऐसा कोई मामला आता है तो दोषी कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे प्रकरण न घटित हों।

होमगार्ड परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का फर्जी पोस्ट करने पर पुलिस भर्ती बोर्ड ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कहा गया है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर फर्जी संदेश फैलाकर पैसे की ठगी करने की कोशिश कर रहे। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे ऐसे भ्रामक मैसेज, लिंक या दावों से सावधान रहें।

सहारनपुर में 24 सेंटर पर होमगार्ड की परीक्षा हो रही है। तीन दिन तक दो पालियों में चलने वाली परीक्षा में करीब 59 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें है। हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से पूरी निगरानी रखी जा रही है।

आगरा के एमडी जैन कॉलेज के बाहर होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों ने बताया कि वह सुबह करीब 6:00 बजे से आ गए हैं। रेटिना स्कैनर और बायोमेट्रिक के जरिए अभ्यर्थियों की चेकिंग करके ही प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा जिले में 28 केंद्रों पर हो रही है। 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *