Dailynews

बेटी पर गलत टिप्पणी बर्दाश्त नहीं, बेटी, बेटी होती है : CM योगी 

सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आजमगढ़ में शनिवार को कहा- बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान होना चाहिए। मैं पिछले दिनों देख रहा था कि सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणी की थी। मैंने तत्काल पुलिस से कहा कि FIR दर्ज करो। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम ने कहा- हम तो उस संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है, गांव की बहन सबकी बहन होती है। हमने कोई भेदभाव नहीं किया। अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो, तो अपने चेलों-चपाटों को भी उपदेश दे दो कि अपनी भाषा पर थोड़ा संयम रखें। टिप्पणी करने से पहले खुद भी सोच लिया करें।

योगी ने कहा- सपा के लोग बहनों, दिवंगत लोगों, वरिष्ठ नेताओं, बेटियों और बुजुर्गों के प्रति किस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अखिलेशजी उन्हें समझाइए। अगर नहीं समझते हैं, तो हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें समझा देंगे।

1- विभाजित करने वाले आपके हितैषी नहीं सीएम ने कहा- आजमगढ़ वह जिला है, जहां हस्तशिल्प है, कारीगर हैं, अन्नदाता किसान हैं, ऊर्जावान युवा हैं। फिर यह जिला पहचान के लिए क्यों मोहताज हुआ? उस जनपद के सामने पहचान का संकट क्यों खड़ा हुआ? यही प्रश्न लेकर मैं बार-बार आजमगढ़ आता हूं, क्योंकि यह पीड़ा केवल आजमगढ़ की नहीं, बल्कि हम सबकी भी पीड़ा है। जिन्होंने हमें बांटा, जिन्होंने हम सबको विभाजित किया, वे लोग बार-बार आपका समर्थन भी पाते रहे, लेकिन वे आपके हितैषी नहीं हैं।

2- 2017 से पहले आजमगढ़ पहचान का मोहताज था योगी ने कहा- 2017 से पहले के आजमगढ़ को याद कीजिए, जो अपनी पहचान के लिए मोहताज था। तब यहां न विश्वविद्यालय था, न पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे था, न एयरपोर्ट ठीक ढंग से काम कर पा रहा था, न हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय था। तब आजमगढ़ की साड़ी को भी कोई मंच नहीं मिल पा रहा था।

मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी के लिए भी कोई स्थान नहीं था। आज ब्लैक पॉटरी से जुड़ा एक कारीगर मुझसे मिला और बहुत खुश होकर बोला कि जब से उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आई है, हमारा कारोबार कई गुना बढ़ा है।

3- पहले गरीब की कोई सुनवाई नहीं होती थी मुख्यमंत्री ने कहा- पहले गरीब की कोई सुनवाई नहीं होती थी, लेकिन जब से हमारी सरकार बनी है, जो काम सदियों से नहीं हो पाया, उसे पूरा करने का काम किया गया है। पहले हर आतंकी घटना में आजमगढ़ का नाम आता था। युवाओं की नौकरियों पर सेंध लगती थी। बेटियों के लिए कोई स्कीम नहीं थी, न ही उनकी सुरक्षा और आगे बढ़ने के लिए कोई योजना थी। हमारी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव को उचित सम्मान देने का काम किया है।

4- विदेशी आक्रांताओं का सम्मान नहीं होना चाहिए सीएम ने कहा- पहले बहराइच में आक्रांता सालार मियां और गाजी मियां के नाम पर आयोजन होता था। जब हमारी सरकार आई, तो हमने कहा- ऐसा नहीं चलेगा। हमने इसे बंद करवाया। हमने कहा कि ये गुलामी के प्रतीक हैं। विदेशी आक्रांताओं का सम्मान नहीं होना चाहिए।

आज यहां महाराजा सुहेलदेव की बड़ी प्रतिमा स्थापित कराई गई है। आप कहीं भी जाएंगे, महाराजा सुहेलदेव से आपकी पहचान होगी। यहां का हरिहर घराना दुनिया भर में विख्यात है। यहां भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल निरहुआ हैं, जो अपनी आवाज से लोगों में मिठास घोलने का काम कर रहे हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *