Crime News

कानपुर : सट्‌टे के कर्ज से परेशान होकर युवक ने लगाई फांसी

कानपुर में एक युवक ने सट्‌टे के कर्ज से परेशान होकर गुरुवार रात जान दे दी। युवक ने पहले होटल में कमरा बुक कराया और फिर उसी कमरे में पंखे से लटक कर सुसाइड किया। देर रात तक कमरे से कोई आवाज न आने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। मृतक की पहचान रावतपुर थाना के मस्वानपुर सराय निवासी प्रशांत दीक्षित (27) के रूप में हुई। प्रशांत प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में मां अर्चना दीक्षित, पत्नी अंशिका दीक्षित और डेढ़ साल की बेटी भाव्या हैं।

मृतक के बहनोई दीप अग्निहोत्री ने बताया कि प्रशांत टाटा कंपनी में नौकरी करता था। गुरुवार सुबह रोज की तरह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकला था। दिनभर परिजनों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। दो दिन पहले पड़ोसी युवक ने जान से मारने की धमकी दी थी। कल्याणपुर के होटल रास प्लाजा में प्रशांत का दोस्त काम करता है, यहीं गुरुवार सुबह 10 बजे प्रशांत कमरा लेकर रुका। गुरुवार रात करीब 8 बजे होटल मालिक आदित्य को कर्मचारी ने बताया कि उनका दोस्त प्रशांत सुबह से न तो बाहर निकला और न ही कमरे से कोई आवाज आ रही है।

कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर होटल मालिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। प्रशांत के मोबाइल पर कॉल की गई तो फोन बंद मिला। इसके बाद होटल मालिक ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरा नंबर-302 का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे में प्रशांत का शव पंखे से चादर के सहारे लटका मिला। इसके बाद होटल पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रशांत के बहनोई दीप अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ लोग प्रशांत को परेशान करते थे। कुछ युवक उससे सट्टा खिलवाते थे। हारने पर उससे लगातार पैसों की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले पड़ोस के एक युवक ने प्रशांत को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी बात से वह काफी परेशान चल रहा था। मां ने कल्याणपुर थाने में एप्लिकेशन दी है। उन्होंने आरोप लगाया- मसवानपुर निवासी इरशाद, शालू, अरुण गुप्ता, प्रदीप कई दिन से मेरे बेटे को सुबह किसी बहाने से घर से ले जाते थे। उसको सट्टा खेलने के लिए दबाव बनाते थे। गुरुवार सुबह भी इन्हीं लोगों के कहने पर प्रशांत गया था। मां ने कहा- मुझे यकीन है कि इन्हीं लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर और रुपए की नाजायज वसूली की वजह से मेरे बेटे ने जान दी है। ये लोग सट्टेबाज हैं और सट्टेबाजी करना इनका मुख्य पेशा है।

कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि देर शाम 112 नंबर के जरिए सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *