खुर्जा : मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का DM कुमार हर्ष ने किया निरीक्षण
खुर्जा तहसील क्षेत्र में 24.38 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने सोमवार शाम निरीक्षण किया। ग्राम जहानपुर (अरनिया) में निर्माणाधीन विद्यालय का उन्होंने शाम करीब 4 बजे स्थलीय जायजा लिया। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की पढ़ाई होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सीएनडीएस (गाजियाबाद) के माध्यम से विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का करीब 70 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ गुणवत्ता का भी बारीकी से निरीक्षण किया। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
निर्माण स्थल के बीच से गुजर रही 11 केवी एचटी लाइन को 15 जुलाई 2026 को शिफ्ट किया गया था। इसके कारण करीब तीन महीने तक निर्माण कार्य प्रभावित रहा। अधिकारियों ने बताया कि अब काम तेजी से कराया जा रहा है और निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य है। विद्यालय के मुख्य भवन के भूतल, प्रथम और द्वितीय तल की छत का निर्माण पूरा हो चुका है। द्वितीय तल पर ब्रिक वर्क का काम जारी है। वहीं, बाल वाटिका में छत, ब्रिक वर्क और प्लास्टर का कार्य पूरा हो चुका है। यहां फिनिशिंग का काम चल रहा है। स्टाफ और प्रधानाचार्य आवास की छत का निर्माण भी पूरा हो गया है, जबकि प्लास्टर और ब्रिक वर्क अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि डोरमेट्री और मल्टीपरपस हॉल का ढांचा तैयार हो चुका है। विद्यालय की चारदीवारी का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को DPR के अनुसार ही निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री की रैंडम जांच कराने को भी कहा, ताकि गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो।

