झमाझम बारिश होने के आसार : यूपी-बिहार से MP तक 23 राज्यों में IMD का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में इन दिनों खूब झमाझम बारिश हो रही है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम सहित उत्तर भारत के कई शहरों में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई. वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए भी यूपी, बिहार, झारखंड से लेकर एमपी छत्तीसगढ़ तक 23 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. आईएमडी के मुताबिक, झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके असर से 26 अगस्त को उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों तक बारिश का सिलसिला तेज हो सकता है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. यानी बुधवार को देश के कई हिस्सों में छाते और रेनकोट की जरूरत पड़ सकती है.
दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में सोमवार की तेज बारिश के बाद बुधवार यानी 26 अगस्त को भी मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में दिनभर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं. वहीं सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. दिल्ली में सोमवार को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या देखने को मिली थी. हालांकि फिलहाल दिल्ली में बहुत भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन बादलों और हल्की बारिश का दौर बना रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में 26 अगस्त को बारिश का दायरा बढ़ सकता है. पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर 26 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई थी. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. बारिश के दौरान निचले इलाकों में पानी भरने और सड़क यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
उत्तराखंड में हफ्ते भर बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून आने वाले दिनों में भी सक्रिय रहने वाला है. 25 से 31 अगस्त के बीच राज्य में कई स्थानों पर व्यापक बारिश का अनुमान है. 26 अगस्त को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वालों को मौसम और स्थानीय प्रशासन के अपडेट पर नजर रखने की सलाह है. राज्य में 30 और 31 अगस्त को भी भारी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
बिहार-झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम का सबसे बड़ा असर इस समय झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में दिखाई दे रहा है. झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है. इसके कारण झारखंड में 25 से 29 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
बिहार में भी 26 अगस्त को कई हिस्सों में व्यापक बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक, 25 से 27 अगस्त के बीच राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. बिहार और झारखंड में बारिश के साथ बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
एमपी-छत्तीसगढ़ में भी बरसेंगे बादल
मध्य भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 29 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.

