News

खुर्जा : चोरों ने घर में सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी पर कर दिया हाथ साफ

खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ी में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के आठ सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

पीड़ित नवीन शर्मा ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात करीब 10:30 बजे खाना खाकर सो गए थे। सुबह लगभग 5 बजे जब परिजनों की आंख खुली, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे और उन्होंने अलमारी व संदूकों के ताले तोड़ दिए थे। कमरों का सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर के मंदिर को भी खंगालकर कीमती सामान चुरा लिया।

परिजनों के अनुसार, घर में रखे सोने और चांदी के तमाम आभूषणों के साथ नकदी भी गायब है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये में है। घटना के समय घर के मुखिया सत्य प्रकाश शर्मा एक निजी कंपनी में ड्यूटी पर थे, जबकि विमला शर्मा, सुनीता, यति, किशन, हिमांशु, दुर्गेश, हिमांशी और वेदिका घर में सो रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही खुर्जा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आई है कि पड़ोसी ने ही अपने एक साथी के साथ मिलकर छत के रास्ते घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने आगे बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित की शिकायत पर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी का सारा माल बरामद कर लिया जाएगा और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *