दीपावली के बाद न्यू नोएडा में शुरू होगा जमीन अधिग्रहण
दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन (न्यू नोएडा) में दीपावली के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। अब तक 361 किसान आपसी सहमति से जमीन देने के लिए तैयार हो चुके हैं। किसानों से दस्तावेज और सहमति पत्र लेने के लिए तीन जगह कैंप लगाए गए हैं। यहां पांच लेखपालों की टीम किसानों से संपर्क करेगी।
प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की समीक्षा कर अधिकारियों को प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुआवजे की दरें भी तय हो चुकी हैं।
न्यू नोएडा में अवैध निर्माण और अतिक्रमण रोकने के लिए तीन नए सर्किल-11, 12 और 14 बनाए गए हैं। सर्किल-11 की जिम्मेदारी जीएम एसपी सिंह को दी गई है, जबकि सर्किल-12 और 14 का काम जीएम एके अरोड़ा संभालेंगे। जल्द ही इन सर्किलों में सीनियर मैनेजर और मैनेजर तैनात किए जाएंगे। पहले और दूसरे चरण में जमीन देने वाले किसानों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की व्यवस्था के अनुसार मुआवजा और 6 प्रतिशत आबादी भूखंड मिलेगा। तीसरे और चौथे चरण में जमीन देने वाले किसानों को यमुना प्राधिकरण की व्यवस्था के तहत मुआवजे के साथ 7 प्रतिशत आबादी भूखंड दिया जाएगा।
80 गांवों की जमीन पर बसेगा नया शहर
न्यू नोएडा का मास्टर प्लान 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसमें 80 गांवों की जमीन शामिल होगी। शहर की अनुमानित आबादी करीब 6 लाख रखी गई है। इसे चार चरणों में विकसित किया जाएगा।
पहले चरण में 2023 से 2027 तक 3,165 हेक्टेयर, दूसरे चरण में 2027 से 2032 तक 3,798 हेक्टेयर, तीसरे चरण में 2032 से 2037 तक 5,908 हेक्टेयर और चौथे चरण में 2037 से 2041 तक 8,230 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित करने की योजना है। पहले चरण की समयसीमा को देखते हुए प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण में तेजी लाने की तैयारी की है।

