लखनऊ : स्कॉर्पियो-बाइक को टक्कर मारते हुए खाई में गिरा ट्रक
लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7 बजे रामसागर मिश्र 100 बेड अस्पताल के पास एक सड़क हादसा हुआ। एक ट्रक ने यू-टर्न ले रही स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार डिलवरी मैन और उसका एक भाई घायल हो गया। स्कॉर्पियो पिचक गई और टक्कर मारने के बाद ट्रक खाई में चला गया।
पुलिस के अनुसार, भैंसामऊ निवासी संजय यादव अपनी स्कॉर्पियो (UP32NC1030) चला रहे थे, जिसमें महिंगवां क्षेत्र के सुनील कुमार भी सवार थे। वे शहर से अपने घर लौट रहे थे। यू-टर्न लेते समय सीतापुर से लखनऊ आ रहे एक ट्रक (UP78CT5001) ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मार दी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल (UP32CJ3213) भी ट्रक की चपेट में आ गई। मोटरसाइकिल पर सवार राम त्रिवेदी और उनके भाई श्याम त्रिवेदी इस दुर्घटना में घायल हुए। दोनों मूल रूप से बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में बीकेटी के देवरी रुखारा में रहते हैं। श्याम त्रिवेदी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी जेप्टो में कार्यरत हैं और डिलीवरी लेने लखनऊ जा रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को खाई से बाहर निकाला और यातायात को सामान्य किया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया

