यूपी में मानसून की एंट्री के बाद से बारिश का सिलसिला जारी
यूपी में मानसून की एंट्री के बाद से बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार को प्रयागराज, गाजियाबाद, बलिया, जालौन समेत 5 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सुबह 11.45 बजे प्रयागराज में तेज बारिश शुरू हुई। तेज हवा के साथ हुई बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बलिया में दोपहर 12.30 बजे मौसम बदल गया। अचानक तेज हवा चलने लगी। फिर बारिश शुरू हो गई। गाजियाबाद में दोपहर 1 बजे बूंदाबांदी हुई। दिन में अंधेरा छा गया। जालौन में शनिवार देर रात 2 बजे जोरदार बारिश हुई। आज 25 शहरों में बारिश का अलर्ट है। 26 जिलों में उमसभरी गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।
इस बीच, पश्चिमी यूपी से सटे उत्तराखंड के हल्द्वानी में शनिवार को भारी बारिश की वजह से निजी कंपनी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मौसम खराब होने की वजह से पायलट ने हेलिकॉप्टर को स्कूल परिसर में लैंड कराया। हेलिकॉप्टर में दो यात्री और एक पायलट सवार थे।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यूपी में इस सीजन यानी 1 जून से 4 जुलाई के बीच 44 मिमी. बारिश हुई। आम तौर पर इस दौरान 118 मिमी. बारिश होती थी। यानी इस बार 44% कम बारिश हुई है। प्रदेश में कम बारिश का सबसे ज्यादा असर पूर्वी यूपी में दिख रहा है। यहां इस सीजन अब तक सामान्य से 51% कम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी यूपी में बारिश 29% कम हुई।
जौनपुर में 91%, देवरिया में 87%, वाराणसी-मऊ में 75%, सिद्धार्थनगर-उन्नाव में 70%, अमेठी-सीतापुर में 65%, प्रयागराज में 71% और अंबेडकरनगर में 59% कम बारिश हुई।
हालांकि, चित्रकूट, कानपुर नगर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ में 4 जुलाई को सामान्य से अधिक बारिश हुई, जबकि पश्चिमी यूपी में फिरोजाबाद, आगरा, झांसी और हमीरपुर में अच्छी बारिश हुई। गोरखपुर में रविवार दोपहर 1 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज और चुभने वाली धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था, वहीं दोपहर होते-होते आसमान घने बादलों से ढक गया। 40-45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने लगीं। गाजियाबाद में दोपहर 1 बजे से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। आसमान में काले बादल छा गए हैं, जिससे दिन में भी अंधेरे-सा माहौल बन गया है।

