News

बुलंदशहर जिला पंचायत में बड़ा फर्जीवाड़ा

बुलंदशहर जिला पंचायत में विकास कार्यों में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जिले की शिकारपुर तहसील के पहासू ब्लॉक के गांव कमौना में स्वीकृत रास्ते के बजाय ठेकेदार ने मनमर्जी से दूसरी दिशा में खड़ंजा बना दिया। ग्रामीणों के विरोध के बाद जिला पंचायत प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जिला पंचायत द्वारा गांव कमौना में सतु सिंह के खेत से श्मशान घाट तक खड़ंजा निर्माण स्वीकृत किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को श्मशान घाट तक पहुंचने में होने वाली असुविधा को दूर करना था।

हालांकि, ठेकेदार ने नियमों और स्वीकृत एस्टीमेट का उल्लंघन किया। उसने श्मशान घाट का रास्ता बनाने के बजाय सुल्तान सिंह जाटव के घर से खेतों की ओर जाने वाला रास्ता बना दिया।

जब ग्रामीणों को इस हेरफेर की जानकारी मिली, तो उनमें भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का कड़ा विरोध करते हुए जिला पंचायत के उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी (AMA) सुधीर कुमार ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने जूनियर इंजीनियर (JE) को मौके पर भेजकर जमीनी हकीकत जानने का निर्देश दिया।

जेई की शुरुआती जांच में ग्रामीणों के आरोप सही पाए गए हैं। स्वीकृत नक्शे और एस्टीमेट से हटकर निर्माण कार्य कराने में वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। अपर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है।

उन्होंने कहा, “मामले की प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी मिली है। नियमों के विरुद्ध कार्य करने वाले ठेकेदार और संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *