News

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए टाटा कंपनी के नाम पर बेची जा रही नकली चाय का किया भंडाफोड़

खुर्जा नगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए नामचीन ‘टाटा’ कंपनी के रैपर में बेची जा रही नकली चायपत्ती का भंडाफोड़ किया है। विभाग ने मौके से लगभग 40 किलोग्राम नकली चायपत्ती का स्टॉक ज़ब्त किया।

टाटा कंज्यूमर लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि और कानूनी सलाहकार प्रभात कुमार गुप्ता को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों में बताया गया था कि बाजार में टाटा प्रीमियम चाय के नकली पैकेट बेचे जा रहे हैं।

इस सूचना के आधार पर प्रभात कुमार गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग और स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के अंतर्गत मंडी दानगंज स्थित “नवीन बंसल बरीपुरी” नामक किराना के थोक व्यापारी की दुकान पर औचक छापेमारी की। टीम को मौके से टाटा कंपनी के हूबहू दिखने वाले रैपरों में पैक भारी संख्या में चायपत्ती के पैकेट मिले।

अधिकारियों ने बताया कि दुकान पर टाटा कंपनी के नकली रैपरों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर मिलावटी या नकली चाय बेची जा रही थी। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 40 किलोग्राम संदिग्ध चाय को अपने कब्ज़े में ले लिया। बुलंदशहर की अपर खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त ममता चौधरी ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर खुर्जा स्थित थोक विक्रेता की दुकान पर छापा मारा गया था। प्रथम दृष्टया कंपनी के प्रतिनिधियों ने इसे नकली पैकिंग बताया है।

उन्होंने आगे बताया कि टीम ने गुणवत्ता की सघन जांच के लिए चाय के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

टाटा कंपनी के लीगल एडवाइजर प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञ के तौर पर पैकेटों की जांच करने पर वे नकली पाए गए। कंपनी इस मामले में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन को लेकर आरोपी दुकानदार के खिलाफ कानूनी मुकदमा दर्ज कराएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *