अलीगढ़ में चलती बस में ड्राइवर को आया हार्टअटैक, बस पोल और गाय से टकराई
अलीगढ़ में शुक्रवार सुबह चलती रोडवेज बस के चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। चालक को अचानक सीने में दर्द उठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और एक गाय से टकरा गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
घटना गोरई थाना क्षेत्र के बेसवां के पास फोंदानगला गांव के समीप की है। मृतक की पहचान मथुरा के गोवर्धन निवासी 45 वर्षीय गणेश पुत्र चेतराम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मथुरा से मुरादाबाद जा रही थी बस
मथुरा डिपो की रोडवेज बस शुक्रवार सुबह मथुरा से मुरादाबाद जा रही थी। बस संख्या यूपी-78 केटी-3189 में करीब 50 यात्री सवार थे। रास्ते में बेसवां के पास चालक गणेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल और एक गाय से टकरा गई। यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति संभाली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। चालक को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
13 साल से थे संविदा चालक
मथुरा डिपो के एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि गणेश पिछले 13 वर्षों से मथुरा डिपो में संविदा चालक के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी, 14 वर्षीय बेटी नीलम और दो बेटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक की मौत हार्ट अटैक आने से हुई है।

