News

मेरठ : 13 साल के बच्चे को स्कूल में आया हार्टअटैक, बाथरूम में मिला शव

मेरठ में 13 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे उसका शव स्कूल के बाथरूम में मिला। छुट्‌टी होने के बाद वह टॉयलेट गया था। लेकिन बाहर नहीं आया।

उधर, स्कूल के बाहर ई-रिक्शा ड्राइवर बच्चे का इंतजार कर रहा था। जब सभी छात्र आ गए और वह नहीं आया तो ड्राइवर खोजते हुए स्कूल के अंदर पहुंचा। स्कूल स्टाफ के साथ तलाश शुरू की गई। जब बच्चा क्लास में नहीं मिला तो सभी बाथरूम की तरफ गए। वहां छात्र पड़ा मिला।

स्कूल स्टाफ ने परिवार के लोगों को सूचना दी। मां-बाप नजदीक के प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। छात्र सातवीं में पढ़ता था। मां-बाप का कहना है कि बच्चे को पहले से दिल की कोई बीमारी नहीं थी। पूरा मामला मवाना थाना क्षेत्र के बसंत वैली पब्लिक स्कूल का है। 13 साल का कुनाल मवाना क्षेत्र में मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी बड़ी बहन साक्षी, जबकि छोटा भाई संचित शर्मा है।

कुनाल रोजाना ई-रिक्शा से स्कूल आता-जाता था। सोमवार दोपहर छुट्टी होने के बाद ई-रिक्शा ड्राइवर स्कूल के बाहर बच्चों का इंतजार कर रहा था। बाकी बच्चे बाहर आकर रिक्शा में बैठ गए, लेकिन कुनाल नहीं आया।

करीब 15 मिनट इंतजार करने के बाद चालक खुद स्कूल के अंदर गया। उसने पहले कुनाल को क्लासरूम में तलाशा, लेकिन वहां वह नहीं मिला। एक बच्चे ने बताया कि कुनाल वॉशरूम गया था। इसके बाद चालक वॉशरूम की तरफ पहुंचा। वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। ड्राइवर ने दरवाजा खटखटाने के साथ कुनाल को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान स्कूल का स्टाफ भी वहां पहुंच गया।

काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो स्टाफ छत के रास्ते ऊपर पहुंचा।

ऊपर से अंदर देखा गया तो कुनाल जमीन पर पड़ा था। इसके बाद अंदर से दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला गया। वह बेहोश था और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुनाल के पिता धर्मेंद्र स्कूल पहुंचे। वह बच्चे को मवाना में ही दो अलग-अलग निजी डॉक्टरों के पास लेकर गए। दोनों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग कुनाल को लेकर मेरठ के सुशीला जसवंत राय अस्पताल पहुंचा। वहां भी डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत बताया।

परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने अचानक हार्टअटैक आने को मौत की वजह बताया। कुनाल की मां अनीता और पिता धर्मेंद्र का कहना है कि उनके बेटे को पहले कभी दिल से जुड़ी कोई परेशानी नहीं हुई थी। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हुआ। कुनाल की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस भी घर पहुंची। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार बच्चे के शव को लेकर घर लौट गया।

कुनाल के पिता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा- मेरा बेटा स्कूल गया था। वहां टॉयलेट करते समय गिर गया और वहीं हार्ट फेल हो गया। स्कूल से फोन आया था आपका बच्चा गिर गया है। जब डॉक्टर के पास गए तो उन्होंने मृत घोषित कर दिया।

बसंत वैली स्कूल के प्रबंधक अमित राणा ने बताया- आज हमारे स्कूल में कक्षा 7वीं में पढ़ने वाला कुणाल शर्मा छुट्टी से जस्ट पहले वाशरूम गया था। थोड़ी देर बाद जब हमने उसको आवाज दी तो उसने अंदर से कुंडी लगाई थी। लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। हमने अंदर से उसे खुलवाया।

बच्चे को तुरंत डॉ. एमडी शर्मा और डॉ. अनिल खन्ना के पास ले गए। उन लोगों ने हार्ट फेल होने की बात कही। हमने पैरेंट्स को भी इन्फॉर्म कर दिया था। सुबह से बच्चा बहुत एक्टिव था। उसे कोई भी दिक्कत नहीं थी, उसने प्रॉपर लंच किया। अचानक क्या हो गया पता नहीं चला।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *