नोएडा : फर्जी बैनामा गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा की जारचा थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री कर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जारचा थाना क्षेत्र में तीन करोड़ तीन लाख रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका था।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने समाना नहर के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में गाजियाबाद निवासी प्रदीप राणा और बिहार निवासी खुशबू व ज्योत्सना शामिल हैं। इनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो एन गाड़ी, चार एटीएम कार्ड और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक बड़ा गिरोह है, जिसका मुख्य सरगना टीटू राणा है। इस गिरोह में 20 से 25 लोग शामिल हैं, जिनमें महिलाएं भी हैं। ये लोग फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरों की जमीन को तीसरे व्यक्ति को धोखे से बेच देते थे और करोड़ों रुपये कमाते थे।
गिरोह ऐसी जमीनों को निशाना बनाता था, जिनके मालिक गांव में नहीं रहते थे। इसके बाद वे जमीन के फर्जी कागजात तैयार करते थे और फिर जमीन खरीदने के इच्छुक व्यक्तियों को ढूंढकर उन्हें फर्जी तरीके से बैनामा करा देते थे। जब खरीदार जमीन पर कब्जा लेने जाते थे, तब उन्हें ठगी का एहसास होता था। इसी तरह उन्होंने जारचा थाना क्षेत्र में 3 करोड़ रुपये की जमीन की ठगी की थी।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप राणा का लंबा आपराधिक इतिहास है, उस पर करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, प्रदीप के भाई टीटू उर्फ गौरव पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरोह कई लोगों को अपना निशाना बना चुका है और करोड़ों रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस फिलहाल इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

