Politics

राज्यसभा चुनाव में UP की 10 सीटों का रिजल्ट बाकी:हिमाचल में BJP जीती; कर्नाटक में कांग्रेस के 3, भाजपा का 1 प्रत्याशी जीता

Share News
5 / 100

राज्यसभा की 15 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सुबह 9 बजे से जारी वोटिंग 4 बजे खत्म हो गई थी। 3 राज्यों उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में मतदान हुआ था। सबसे पहले नतीजे कर्नाटक से आए हैं।

कर्नाटक में राज्यसभा की 4 सीटों पर हुई वोटिंग में कांग्रेस के अजय माकन, नासिर हुसैन और जीसी चंद्रशेखर जीते। वहीं बीजेपी के नारायण बंदिगे ने जीत दर्ज की।

हिमाचल प्रदेश की एक सीट पर भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन ने कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को हराया है। दोनों को 34-34 वोट मिले थे। टॉस से विजेता का फैसला हुआ। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 6 विधायकों और सरकार को समर्थन दे रहे 3 निर्दलीय विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर आई थी। अभी यूपी में चुनाव का परिणाम आना बाकी है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर 27 फरवरी की सुबह से ही गहमा-गहमी रही। वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही यूपी में सपा के चीफ व्हिप और विधायक मनोज कुमार पांडे ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

वहीं, दोपहर बाद खबर आई कि यूपी में सपा के 7 विधायकों ने NDA को वोट दिया है। ये विधायक राकेश पांडेय, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, विनोद चतुर्वेदी, मनोज पांडेय, पूजा पाल और आशुतोष मौर्य हैं।

मीडिया रिपोर्ट में दावा है कि कर्नाटक में भाजपा विधायक एसटी सोमशेखर ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया। भाजपा के चीफ व्हिप डोड्डनगौड़ा जी पाटिल ने ये जानकारी दी। डोड्डनगौड़ा ने ये भी कहा कि सोमशेखर पर कार्रवाई होगी।

यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों पर भाजपा के 8 और सपा के 3 प्रत्याशी मैदान में हैं। बीजेपी के 8वें प्रत्याशी संजय सेठ और सपा के तीसरे कैंडिडेट आलोक रंजन को लेकर पेच फंसा हुआ है। बीजेपी को 8वें प्रत्याशी को जिताने के लिए 8 वोटों और सपा को तीसरे प्रत्याशी जिताने के लिए 3 वोटों की जरूरत थी। मगर सपा के 7 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इसके साथ ही जनसत्ता लोकतांत्रिक के 2 विधायक और बसपा के एक विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया है। इससे बीजेपी के 8वें प्रत्याशी संजय सेठ की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा के आठ प्रत्याशी हैं। इनमें RPN सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, सुधांशु त्रिवेदी, साधना सिंह, नवीन जैन, संजय सेठ शामिल हैं। सपा के 3 प्रत्याशी जया बच्चन, रामजी लाल सुमन और रिटायर्ड IAS आलोक रंजन हैं। इनमें से भाजपा के संजय सेठ और सपा के आलोक रंजन में से कोई एक ही जीतेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *