Shahjahanpur : मंदिर में सो रहे दो साधुओं को मारकर जला दिया
शाहजहांपुरः उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंदिर में दो साधुओं की निर्ममता से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद दोनों साधुओं के शव को जला भी दिया. मृतक साधुओं की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोनों साधु सो रहे थे तभी उनकी हत्या कर दी गई. दोनों के अपने-अपने बिस्तर पर जले हुए शव बरामद किए गए हैं. साधुओं की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने एक स्थानीय ग्रामीण को हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि मंदिर की संपत्ति के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है. वहीं डबल मर्डर की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना खुदागंज के सूथा गांव की घटना है.
एटा में पुजारी की हत्या
वहीं एटा जिले में मंदिर के पुजारी की हत्या का मामला सामने आया है. मंदिर के बाहर पुजारी का खून से लथपथ शव मिला. मंदिर के पुजारी भोजराज की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुजारी का मुंह और सिर को ईंट से कुचला गया है. अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या करने की आशंका जताई जा रही है. कई वर्षों से मंदिर में ही रह रहे थे मृतक पुजारी भोजराज. पुजारी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. मंदिर के पुजारी की हत्या से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसएसपी डॉ. इलामारन जी पहुंचे. एसएसपी घटना स्थल पर हत्या के कारणों का गहनता से निरीक्षण कर रहे. डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिंग की टीम जांच पड़ताल में जुट गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस. फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है. थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव लालपुर की घटना.

