बुलंदशहर- KHURJA में अचानक बदला मौसम, धूल भरी आंधी
बुलंदशहर में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब तीन बजे आसमान में घने बादल छा गए, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस हुई। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे जिले के कई क्षेत्रों में आधे घंटे तक धूल भरी आंधी चली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तेज हवाओं के कारण सड़कों पर धूल का गुबार छा गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में बादलों की मौजूदगी के चलते जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बादल छाने और तापमान में गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। यदि बारिश होती है, तो तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि संभावित बारिश से फसलों को लाभ मिलेगा। आम जनता भी लंबे समय से पड़ रही गर्मी से राहत महसूस कर रही है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए कई लोगों ने शाम के समय घरों से निकलकर सुहाने मौसम का आनंद लिया।

