खुर्जा के खीरखानी मोहल्ले में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी
खुर्जा के खीरखानी मोहल्ले में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और घरेलू सामान चोरी करने का आरोप है। परिवार ने चोरी हुए माल की कीमत लाखों रुपये बताई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित खीरखानी मोहल्ले (बुर्ज उस्मान) में यह मकान है। चोरी के समय मकान मालकिन नफीसा और उनकी पुत्रवधू मायके गई हुई थीं। नफीसा, पत्नी स्वर्गीय नजर मोहम्मद उर्फ चन्ना, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पुत्रवधू के साथ पिछले दो महीने से मायके में रह रही थीं। बुधवार, 18 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे उनकी बेटी सईदा ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है।
परिवार के लोग घर पहुंचे तो अलमारी और संदूकों के ताले टूटे मिले। नफीसा का आरोप है कि चोर सोने-चांदी के आभूषण, बेटे की शादी के लिए रखे कपड़े और अन्य घरेलू सामान ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बुर्ज उस्मान चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। चोरों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।

