News

UP : सास-बहू ने शोहदे को बीच सड़क पीटा, बाल नोचकर लातों से मारा

जालौन में छेड़खानी से परेशान एक महिला ने बीच सड़क पर मनचले युवक की पिटाई कर दी। महिला ने अपनी सास को पूरी बात बताई फिर युवक को मिलने बुलाया। जिसके बाद दोनों सास-बहू ने मिलकर उसकी धुनाई की।

महिला की सास ने आरोपी के बाल नोचे और उसे लातों से मारा। पीड़ित महिला का कहना है, आरोपी युवक उसे दिन-रात फोन करता है। मिलने बुलाता है, धमकाता है। कहता है कि बात नहीं करोगी तो घर आकर फांसी लगा लूंगा।

घटना गुरुवार की उरई कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी बाईपास स्थित मोहल्ला बघौरा की है। महिला ने बताया कि युवक पिछले कई महीनों से उसे फोन करके परेशान कर रहा था। वह अश्लील बातें और कमेंट्स करता था। वह जब भी घर से निकलती तो युवक पीछा करने लगता। युवक ने महिला का नंबर भी पता लगा लिया था। वह महिला को इतना फोन करता कि घर का काम करना तक मुश्किल हो गया।

महिला को जब कुछ समझ नहीं आया तो उसने परेशान होकर यह बात अपनी सास को बताई। दोनों ने युवक को मिलने के लिए बुलाया। फिर बीच सड़क पर उसकी चप्पल, लात-घूंसों और थप्पड़ों से पिटाई की। युवक की पिटाई के दौरान वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए। मारपीट का वीडियो बना लिया। महिला ने पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। आरोपी युवक का नाम मनीष बताया जा रहा है। वो कोई काम नहीं करता। दिन भर मोहल्ले में घूमा करता है।

महिला ने बताया कि पिछले 5 महीनों से युवक उसे अश्लील बातें करके परेशान कर रहा था। वह बार-बार मिलने का दबाव बना रहा था। न मिलने पर खुदकुशी करने की धमकी दे रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने सास के साथ मिलकर सबक सिखाने का फैसला किया।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि युवक के बारे में फोन पर शिकायत मिली। उसे हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल,आरोपी से पूछताछ कर जांच की जा रही है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *