Crime News

इटावा में किशोरी के धर्मांतरण की कोशिश

इटावा, शहर की 13 वर्षीय एक नाबालिग हिंदू किशोरी को कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम समेत कुल 11 संगीन धाराओं में शनिवार रात मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। यह मामला सबसे पहले 3 जुलाई की शाम कोतवाली थाने पहुंचा था। उस समय पुलिस ने इसे धर्मांतरण का मामला मानने से इनकार किया था।

इसके बाद लगातार पुलिस ने शिकायत, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच की। इस बीच विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ धर्मांतरण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जिस के बाद शनिवार रात पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

पीड़िता की मां की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनकी 13 वर्षीय बेटी डांस सीखने जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक मुस्लिम युवती से हुई। आरोप है कि उसी के माध्यम से कुछ अन्य लोगों ने किशोरी से संपर्क किया और उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया।

तहरीर के अनुसार, किशोरी के मोबाइल पर प्रदेश से बाहर ले जाने और धर्म परिवर्तन से जुड़े संदेश भी भेजे गए। परिवार का आरोप है कि नाबालिग को मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिस ने तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर छह लोगों के खिलाफ 11 संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के साथ अन्य संबंधित धाराएं भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि शेष आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस मोबाइल फोन, चैट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस पूरे मामले में किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *