बदायूं में 6 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार
भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन ब्यूरो) बरेली की टीम ने बुधवार दोपहर बदायूं में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बिजली चोरी के मुकदमे में 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक पुलिस उपनिरीक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर मुकदमे का निस्तारण कराने और जेल न भेजने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने सत्यापन कर ट्रैप बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को रिश्वत लेते ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बिजली चोरी के मुकदमे में मांगी थी रिश्वत
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णपाल सिंह पुत्र स्व. दुन्दीलाल निवासी ग्राम करतौली, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली के रूप में हुई है। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी पावर थेफ्ट थाना, उसांवा रोड, बदायूं में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात था। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, शिकायतकर्ता हेमराज पुत्र पूरनलाल निवासी ग्राम नैथू, थाना अलापुर, बदायूं ने शिकायत की थी कि बिजली चोरी के मुकदमे में जेल न भेजने और मामले का निस्तारण कराने के नाम पर आरोपी 6 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत के बाद बिछाया गया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार दोपहर करीब 12:28 बजे टीम ने डिवीजन द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय, थाना एंटी पावर थेफ्ट परिसर, बदायूं में कार्रवाई की।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
ट्रैप टीम ने उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन, बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत मांगने पर यहां करें शिकायत
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो से करें, ताकि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

