News

ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान में बुलंदशहर पुलिस का यूपी में पहला स्थान

उत्तर प्रदेश में अपराधियों को सजा दिलाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान में बुलंदशहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जून 2026 की राज्यव्यापी रैंकिंग में बुलंदशहर पुलिस ने पहला स्थान प्राप्त किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) नरेश कुमार के पर्यवेक्षण में, बुलंदशहर पुलिस ने जून 2026 में 109 गंभीर मुकदमों में कुल 149 अभियुक्तों को न्यायालयों द्वारा सजा दिलवाई। यह उपलब्धि पुलिस और अभियोजन विभाग की मजबूत पैरवी के कारण संभव हुई।

‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा 1 जुलाई 2023 को की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पोक्सो एक्ट, गोकशी, महिला अपराध, लूट, हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में न्यायालयों में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना है।

बुलंदशहर पुलिस की इस सफलता के पीछे एक सुनियोजित रणनीति और प्रभावी टीम वर्क रहा है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मॉनीटरिंग सेल, अभियोजन शाखा, कोर्ट मोहर्रिर और कोर्ट पैरोकारों ने प्रत्येक मामले पर गहनता से कार्य किया।

न्यायालयों में नियुक्त विशेष लोक अभियोजक (Special PO), सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (ADGC), अभियोजन अधिकारी (PO) और सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) के परिश्रम ने भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मजबूत गवाही और साक्ष्य प्रस्तुतीकरण के कारण अपराधियों को बच निकलने का कोई अवसर नहीं मिला, जिससे रिकॉर्ड संख्या में सजा सुनिश्चित की जा सकी।

बुलंदशहर पुलिस की इस उपलब्धि से अपराधियों में भय का माहौल बना है, वहीं आम जनता का कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने का यह अभियान भविष्य में भी इसी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *