आगरा : पत्नी ने पंचायत में थप्पड़ जड़ा, पति ने मार डाला
आगरा , मंगलवार शाम करीब 4 बजे पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उसने पत्नी के पेट में 6 चाकू मारे। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिला की चीखने की आवाज सुनकर घर के लोग भागते हुए मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। महिला 8 महीने से मायके में रह रही थी। मंगलवार को दोनों के बीच समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान पति पत्नी को खींचकर साथ ले जाने लगा। तभी महिला ने सबके सामने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना ताजगंज क्षेत्र की है। पुरानी सब्जी मंडी की रहने वाली कुंती की शादी डौकी के नौमील निवासी रणवीर से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब आठ महीने पहले नाराज होकर कुंती मायके आ गई थीं। इसके बाद उसने गुजारा भत्ता के लिए कोर्ट में याचिका डाली थी।
मंगलवार को दोनों के बीच समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी। रणवीर अपने पिता के साथ ससुराल पहुंचा। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रणवीर कुंती को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा, लेकिन कुंती ने जाने से मना कर दिया।
रणवीर ने कुंती का हाथ पकड़कर खींचा। उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। इस पर गुस्से में कुंती ने उसके गाल पर 2 थप्पड़ मार दिए। रणवीर अपने पिता के साथ वहां से चला गया। पहले उसने पिता को डौकी गांव छोड़ा। फिर बाजार पहुंचा। उसने 40 रुपए में एक धारदार चाकू खरीदा। शाम करीब 4 बजे रणवीर दोबारा अपनी ससुराल पहुंचा। कुंती उस समय कमरे में थी। रणवीर सीधे कमरे में गया और उसका हाथ पकड़कर घसीटते हुए बरामदे में ले आया। कुंती बचने के लिए चीखने-चिल्लाने लगी। तभी रणवीर ने चाकू निकालकर उसके पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। घरवाले खून से लथपथ कुंती को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पति रणवीर को हिरासत में ले लिया।
कुंती के चचेरे भाई ने बताया- वारदात से एक दिन पहले रणवीर ने उसे मोबाइल पर एक वीडियो भेजा था। उसमें पति द्वारा पत्नी की हत्या दिखाई गई थी। इसके अलावा आगरा में पत्नी की हत्या कर शव को फर्श में दफनाने का वीडियो भी भेजा था।
DCP सैयद अली अब्बास ने बताया-

पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।

