रायबरेली : TET महिला अभ्यर्थी की कार नहर में गिरी
यूपी में शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 का शनिवार को तीसरा और आखिरी दिन है। सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री दी गई। इस दौरान एडमिट कार्ड की जांच, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
गोरखपुर में महिला अभ्यर्थियों के बालों के क्लचर, हेयरपिन और ज्वेलरी उतरवाई गई। हाथरस में बेल्ट और जूते उतरवाकर चेकिंग की गई। कानपुर में महिलाओं की चूड़ियां उतरवाई गईं। ललितपुर में महिला के गले से ताबीज और माला उतरवा ली गई। हाथरस में अलीगढ़ से आई एक महिला अभ्यर्थी को 2 मिनट देरी से पहुंचने पर एंट्री नहीं मिली। गेट नहीं खुला तो मायूस होकर लौट गई।
रायबरेली में परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की कार के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। छात्रा और उसके पिता को आसपास के लोगों ने बाहर निकाला। इसके बाद दोनों दूसरी कार से परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए।
आज अंतिम दिन 3,78,655 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। दो दिनों में प्रदेश भर से 26 नकलची पकड़े गए हैं। इनमें पहले दिन 15 और दूसरे दिन 9 अभ्यर्थी पकड़े गए। प्रदेश के 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 19.94 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें 1,85,791 सेवारत शिक्षक भी शामिल हैं।

