Crime News

रिटायर्ड-IAS के बेटे ने गर्लफ्रेंड को बीच सड़क ईंटें मारीं, कार से घसीटकर पीटा

कानपुर में शादी से इनकार करने पर रिटायर्ड IAS के बेटे देवाशीष निगम (38) ने चलती कार में गर्लफ्रेंड से मारपीट की। उसके सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए। बीच सड़क कार से घसीटकर जमकर लात-घूसों से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया।

पुलिस ने बताया कि देवाशीष शनिवार शाम 7 बजे युवती के साथ अपनी अमेज कार से बिठूर के ब्रह्मघाट घूमने जा रहे थे। रास्ते में मॉडल डेयरी के सामने रेलवे ट्रैक की सर्विस लेन पर महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर दी। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

महिला IIT कानपुर में काम करती है। उसका आरोप है कि देवाशीष उस पर शादी का दबाव बना रहा था। मना करने पर वह भड़क गया। घटना बिठूर थाना क्षेत्र की है। इसका वीडियो रविवार सुबह 8 बजे सामने आया। आरोपी देवाशीष निगम स्वरूप नगर के राज टावर का रहने वाला है। मां चंद्रा निगम रिटायर्ड IAS अफसर हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनात थीं। पिता रमेश शंकर निगम का कुछ साल पहले निधन हो चुका है।

पुलिस के मुताबिक, देवाशीष अपनी कार से 38 साल की गर्लफ्रेंड को लेने IIT कानपुर पहुंचा। फोन कर उसे गेट पर बुलाया। फिर दोनों बिठूर के ब्रह्मघाट घूमने के लिए निकल गए। कार देवाशीष चला रहा था। बगल में महिला बैठी थी।

रास्ते में दोनों के बीच शादी की बात को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने के बाद देवाशीष ने सर्विस लेन पर कार रोक दी। महिला को 2-3 थप्पड़ जड़ दिए। तेजी से नीचे उतरा। सड़क किनारे से ईंट उठा ली।

महिला ने बचने के लिए कार का गेट बंद कर लिया। देवाशीष ने ईंट से कार पर 2 से 3 वार कर शीशा तोड़ दिया। महिला को कार से खींचकर सड़क पर गिरा दिया। फिर ईंट से सिर और शरीर पर कई वार किए।

महिला चिल्लाने लगी। यह देखकर आसपास के लोग भागकर आए। आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी उन्हें धमकाने लगा। बोला- मेरी मां रिटायर्ड IAS हैं। स्वरूप नगर के राज टावर में रहने वाले लोगों ने बताया- देवाशीष के बर्रा में दो गेस्ट हाउस हैं। उसकी शादी 2014 में हुई थी। उसकी एक बेटी भी है। पिछले 6 महीने से पत्नी से अलग रह रहा है। सूत्रों के मुताबिक, घायल महिला के पति की मौत हो चुकी है। उसके भी एक बेटी है। देवाशीष और महिला एक-दूसरे को काफी पहले से जानते हैं। अक्सर साथ घूमते-फिरते दिखाई देते थे।

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अबिदी ने बताया- पीड़िता के परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को आज जेल भेजा जाएगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *