Dailynews

नोएडा में 5 दिन में डेंगू के 47 नए केस

नोएडा में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार तक डेंगू के 201 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 47 मरीज पिछले पांच दिनों में सामने आए हैं। सभी मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सभी की हालत सामान्य है।

डेंगू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों के घर और आसपास के इलाकों का सर्वे कर रही हैं। मच्छरों के लार्वा की जांच के साथ दवाओं का छिड़काव भी कराया जा रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 3 से 4 हजार मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 60 प्रतिशत से ज्यादा मरीज बुखार और मौसमी बीमारियों से पीड़ित हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल और दूसरी मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं।

डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने और साफ-सफाई रखने की अपील की गई है।

आज से विशेष फॉगिंग अभियान

डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए नोएडा प्राधिकरण गुरुवार से विशेष एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग अभियान शुरू करेगा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि सेक्टर, सोसाइटी और गांवों के लिए अभियान का रोस्टर तैयार कर लिया गया है।

अभियान के दौरान गड्ढों और नालियों में जमा पानी में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा। इसका उद्देश्य मच्छरों के लार्वा को पनपने से पहले ही नष्ट करना है। इसके अलावा चिन्हित स्थानों पर फॉगिंग भी कराई जाएगी। मलेरिया विभाग इस मौसम में जलभराव और मच्छरों का लार्वा मिलने पर 50 से अधिक संस्थानों और लोगों को नोटिस जारी कर चुका है। जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि डेंगू के मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है।

सोसाइटी, कॉलोनी और गांवों में निरीक्षण के साथ दवाओं का छिड़काव भी कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्वाइन फ्लू के अब इक्का-दुक्का मरीज ही सामने आ रहे हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *