गौतम बुद्ध नगर : जिलाधिकारी ने जिलाकोषागार का निरीक्षण करपेंशन सुविधाओं का जायजा लिया
गौतम बुद्ध नगर, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आज जिला कोषागार का निरीक्षण किया। उन्होंने पेंशनरों को मिल रही सुविधाओं और पेंशन संबंधी कामों की जानकारी ली। वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने कोषागार की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं के बारे में बताया।
जिलाधिकारी ने पेंशनर हेल्प डेस्क और लाउंज को देखा। उन्होंने एसी, बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी और पेंशन के काम निपटाने की जानकारी ली। उन्होंने पेंशनरों को सुविधाजनक सेवाएं देने पर जोर दिया। इसके बाद, जिलाधिकारी ने कोषागार के डबल लॉक की सुरक्षा और प्रक्रियाओं को जाना। उन्होंने जरूरी रिकॉर्ड के सुरक्षित रखरखाव की स्थिति भी देखी। सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण और साफ-सफाई जैसी सुविधाओं का भी जायजा लिया। ये सभी व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी और वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

