News

मेरठ में AC बस में आग, खिड़की-दरवाजों से कूदे यात्री

यूपी के मेरठ में डबल डेकर एसी बस में शुक्रवार सुबह 7 बजे आग लग गई। यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर जान बचाई। आग इतनी विकराल थी कि धुएं का गुबार 2 किमी दूर से दिखाई पड़ रहा था। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे।

दमकल की टीम बुलाई गई, लेकिन तब तक बस लगभग जल चुकी थी। हादसा दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दौराला थाना क्षेत्र के दादरी फ्लाईओवर के पास हुआ। 26 यात्रियों से भरी बस जयपुर से हरिद्वार जा रही थी। यात्रियों को दूसरी बस से हरिद्वार भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, बस में धुआं उठने के बारे में पीछे से आ रहे बाइक सवार ने ओवरटेक कर ड्राइवर को जानकारी दी। ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे लगाया। आनन-फानन में सभी यात्री बस से नीचे उतर गए। इसके बाद बस में आग लग गई। 20-25 मिनट में बस जलकर राख हो गई।

जयपुर के सूर्य नगर कॉलोनी के रहने वाले बस ड्राइवर राजेंद्र कुमार ने बताया- मैं रात 10 बजे राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर AC बस (RJ14PF 2607) लेकर हरिद्वार के लिए निकला था। मेरे साथ सीकर के रहने वाले परिचालक रामकुमार हुड्डा भी थे। सुबह करीब 7 बजकर 10 मिनट पर बस मेरठ-मुजफ्फरनगर के बार्डर के पास पहुंची थी।

तभी शॉर्ट सर्किट से पीछे की ओर धुआं उठा। इसी समय एक बाइक सवार ने भी बताया कि पीछे धुआं उठ रहा है। ड्राइवर ने कहा- मैंने फ्लाईओवर से उतरते ही बस को साइड में लगा दिया। अपने साथी परिचालक से सवारियों को बाहर लाने के लिए बोला। तुरंत सवारियां दरवाजे और खिड़कियों से कूदने लगे। जैसे ही सभी यात्री उतर गए। मैंने पीछे डिग्गी में रखे यात्रियों के सामान को निकाला।

देखते-देखते बस में आग पूरी तरह से फैल गई। हम लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। लेकिन 20 से 25 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। सीएफओ सुरेंद्र सिंह ने बताया- सुबह आग की सूचना मिलने पर 7:30 बजे के आसपास गाड़ी को रवाना कर दिया गया। मुजफ्फरनगर और मेरठ के बॉर्डर पर बस में आग लगी थी। गाड़ी समय पर पहुंची है। डेढ़ से 2 घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। एक फायर की गाड़ी सरधना से, दो मेरठ से और एक गाड़ी मुजफ्फरनगर से बुलाई गई थी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *