News

अलीगढ़ : खुर्जा के चर्चित कारोबारी को कोर्ट में पेश करने के बाद भेज दिया जेल

प्रतिबंधित और संरक्षित पशुओं के मांस की तस्करी के मामले में अलीगढ़ पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने इस मामले में पूर्व केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सरवर हुसैन के भाई अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है।

अनवर खुर्जा के चर्चित कारोबारी और अलहम्द मीट फैक्ट्री के मालिक हैं। पुलिस ने उनके नौकर इस्लाम खान को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। मामले की जांच कई महीनों से चल रही थी और लैब रिपोर्ट आने के बाद गिरफ्तारी की गई।

इस मामले की शुरुआत 15 जनवरी 2026 की रात हुई थी। गोरक्षा दल के पदाधिकारियों को सूचना मिली थी कि खुर्जा से अलीगढ़ की ओर एक बंद बॉडी वाले लोडर वाहन में प्रतिबंधित मांस ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद कार्यकर्ताओं ने वाहन का पीछा किया और दौरई मोड़ तथा गभाना टोल प्लाजा के बीच उसे पकड़ लिया।

जांच के दौरान वाहन से 700 किलो से अधिक मांस बरामद हुआ था। मांस को अलग-अलग बक्सों में बर्फ के बीच छिपाकर रखा गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने खेप को कब्जे में लेकर सैंपल जांच के लिए भेज दिए थे।

पकड़े जाने के समय वाहन चालक असफाक और परिचालक इस्लाम ने दावा किया था कि मांस मछलियों को खिलाने के लिए बरेली ले जाया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बरामद मांस का नमूना परीक्षण के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेज दिया था।

अप्रैल में आई लैब रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बरामद मांस संरक्षित और प्रतिबंधित पशु का था। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। जांच में सामने आया कि मांस की खेप खुर्जा स्थित अलहम्द मीट फैक्ट्री से लोड की गई थी।

सीओ गभाना महेश कुमार के अनुसार जांच और लैब रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि बरामद मांस अनवर हुसैन की फैक्ट्री से सप्लाई किया गया था। इसके बाद ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

अनवर हुसैन की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही चंडौस कोतवाली में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने कोतवाली पहुंचकर पैरवी की कोशिश की। बताया जाता है कि एक पूर्व विधायक समेत कई प्रभावशाली लोगों के प्रतिनिधि भी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने किसी दबाव में आए बिना दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

सरवर हुसैन बुलंदशहर के रहने वाले वरिष्ठ राजनेता हैं। वे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र राजनीति से उभरकर राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंचे। वर्ष 1987 में एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद 1989 में जनता दल के टिकट पर बुलंदशहर से सांसद बने और तत्कालीन चंद्रशेखर सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री का दायित्व संभाला था।

गिरफ्तार अनवर हुसैन खुर्जा के मुंडाखेड़ा रोड स्थित अलहम्द मीट फैक्ट्री के मालिक हैं। फैक्ट्री में उनके साथ हाजी साबू और फहीमुद्दीन भी साझेदार बताए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर अनवर को बड़े कारोबारी और प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में जाना जाता है। उनके पास पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, गोदाम, फार्म हाउस और बड़ी कृषि भूमि होने की भी चर्चा है।

फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और मामले में आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *