बुलंदशहर जिला अस्पताल में महिलाओं के बीच मारपीट
बुलंदशहर जिला अस्पताल परिसर में दो महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाती और बाल खींचती नजर आ रही हैं।
यह घटना अस्पताल परिसर में हुई, जहां मौजूद लोगों ने इसे देखा। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिलाएं सरेआम झगड़ रही हैं और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हस्तक्षेप कर दोनों महिलाओं को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। उनकी तत्परता से मामला शांत हो सका। इस घटना के बाद भी किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। कोतवाली नगर पुलिस को अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

