बुलंदशहर : कार हटाने को लेकर शुरू हुआ खूनी संघर्ष प्रापर्टी डीलर को लगी गोली
बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र के गांव रजवाना में कार हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार रात हुई गाली-गलौज से नाराज दबंगों ने आज ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में रजवाना निवासी प्रॉपर्टी डीलर गुलजार पुत्र निसार के पेट में एक गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने शटर गिराकर अपनी जान बचाई।
गुरुवार मस्जिद के पास गाड़ी खड़ी करने और उसे हटाने को लेकर अजीम पुत्र अकरम (पूर्व प्रधान) और आरोपी ऋतिक के बीच तीखी बहस हुई थी। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज भी हुई थी।
इसी रंजिश को लेकर आज आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि रिहान, पाली बेगपुर निवासी पिंटू शर्मा, ऋतिक और संदीप डॉक्टर अपने अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर आए।
आरोपियों ने गुलजार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली गुलजार के पेट में जा लगी। हमले के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की गाड़ी के शीशे पर भी डंडे से जोरदार प्रहार किया। हमला होते देख गुलजार ने सूझबूझ दिखाई और शटर गिराकर किसी तरह अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपनी कार से भावसी की ओर फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया है। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भावसी रोड और आसपास के इलाकों में घेराबंदी शुरू कर दी है।

