‘मानो पूरी सृष्टि कह रही हो जय सोमना’, अमृत महोत्सव में PM मोदी का भावुक संबोधन
PM Modi Somnath Visit Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में शामिल हुए, जहां मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया. मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ. इस दौरान 11 पवित्र तीर्थस्थलों के जल से विशेष कुंभाभिषेकम भी किया गया. इसके लिए पांच फुट ऊंचे विशेष पात्र को क्रेन की मदद से मंदिर के शिखर तक पहुंचाया गया. सोमनाथ मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और देशभर से आए कलाकार इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा असत्य मिटता रहा, सत्य अमर बना रहा.
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी जामनगर पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. बाद में वह सोमनाथ पहुंचे और मंदिर तक भव्य रोड शो किया. रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे. प्रधानमंत्री ने सोमनाथ पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन किया और फिर मंदिर में पूजा-अर्चना में शामिल हुए. गुजरात सरकार, प्रशासन और सोमनाथ ट्रस्ट ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं.
Somnath Mandir Amrit Mahotsav LIVE: सोमनाथ अमृत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोखरण परमाणु परीक्षण का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज का दिन एक और वजह से बेहद खास है, क्योंकि 11 मई 1998 को भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई थी. पीएम मोदी ने कहा कि उसी दिन देश ने पहले तीन परमाणु परीक्षण किए थे और भारतीय वैज्ञानिकों ने दुनिया के सामने भारत की क्षमता और सामर्थ्य को साबित किया. उन्होंने कहा कि उस समय पूरी दुनिया में हलचल मच गई थी और कई देशों को हैरानी हुई थी कि भारत ने इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली.
पीएम मोदी सोमनाथ दर्शन लाइव: गुजरात के गिर सोमनाथ में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि आज प्रभास पाटन की पवित्र भूमि दिव्य आभा से भरी हुई दिखाई दे रही है. पीएम मोदी ने कहा कि महादेव का यह प्राकट्य, आकाश से हो रही पुष्पवर्षा, कला-संगीत और नृत्य की भव्य प्रस्तुतियां, वेद मंत्रों का जाप और गर्भगृह में गूंजता शिव पंचाक्षरी मंत्र एक अलौकिक वातावरण बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि समुद्र की लहरों का गर्जन भी ऐसा महसूस करा रहा है मानो पूरी सृष्टि एक साथ ‘जय सोमनाथ’ का उद्घोष कर रही हो.
पीएम मोदी सोमनाथ दर्शन लाइव: सोमनाथ अमृत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 75 साल पहले हुआ सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कोई साधारण घटना नहीं थी. उन्होंने कहा कि भारत 1947 में आजाद हुआ था और 1951 में सोमनाथ की प्राण-प्रतिष्ठा ने देश की आजादी की भावना को दुनिया के सामने मजबूती से प्रस्तुत किया. पीएम मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 500 से अधिक रियासतों को जोड़कर आधुनिक भारत की नींव रखी. प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण केवल धार्मिक कार्य नहीं था, बल्कि यह संदेश था कि भारत अपनी प्राचीन गरिमा और सांस्कृतिक पहचान को फिर से स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ चुका है. Somnath Mandir Amrit Mahotsav LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ अमृत महोत्सव में संबोधन देते हुए भगवान शिव की महिमा का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि समय खुद जिनकी इच्छा से प्रकट होता है, जो स्वयं कालातीत हैं और स्वयं काल स्वरूप हैं, आज उन देवाधिदेव महादेव की विग्रह प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है.” पीएम मोदी ने कहा कि यही वह शक्ति हैं जिनसे सृष्टि की उत्पत्ति होती है और अंत में सब उन्हीं में लय हो जाता है. उन्होंने कहा कि आज पूरा देश भगवान शिव के धाम के पुनर्निर्माण का उत्सव मना रहा है. प्रधानमंत्री ने कहा, “जो हलाहल पीकर नीलकंठ बने, आज उन्हीं की शरण में सोमनाथ अमृत महोत्सव आयोजित हो रहा है. यह सब भगवान सदाशिव की ही क्रीड़ा है.

