News

बुलंदशहर : कांवड़ यात्रा की 5000 CCTV से होगी निगरानी

बुलंदशहर पुलिस और प्रशासनिक अमले ने सावन माह की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सोमवार दोपहर 3 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने 59 पुलिस बाइक रैलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी टीमें जनपद के 59 अलग-अलग सेक्टरों में कांवड़ मार्गों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।

शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा और सहायता के लिए जिले भर में 200 से अधिक खाद्य व सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पूरे जनपद को 5 सुपर जोन, 19 जोन और 59 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

हर सेक्टर में एडिशनल एसपी/सीओ रैंक के अधिकारी, इंस्पेक्टर और संबंधित विभागों के अधिकारी तैनात रहेंगे, जिससे किसी भी समस्या का तत्काल मौके पर ही समाधान किया जा सके। यात्रा के दौरान ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी की कई कंपनियां तैनात रहेंगी।

पूरे कांवड़ मार्ग पर 5,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी। जिलाधिकारी (DM), एसएसपी (SSP) और एएसपी (ASP) समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल पर भी इन कैमरों का लाइव एक्सेस रहेगा, जिससे वे पल-पल की स्थिति पर सीधे नजर रख सकेंगे।

जनपद के 8 प्रमुख गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बिजली, नाव, अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के विशेषज्ञ गोताखोरों की तैनाती की गई है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इस बार यातायात को सुचारू रखने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे का भी उपयोग किया जाएगा। रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है, ताकि कांवड़ियों और आम जनता दोनों को ट्रैफिक जाम से असुविधा न हो। सुरक्षा के लिहाज से जिले के हर थाने में एक विशेष ‘कांवड़ रजिस्टर’ भी तैयार किया गया है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *