बागपत : जैन धर्म के महोत्सव में हादसा, 7 मौतें, 80 से अधिक लोग घायल
बागपत में मंगलवार को जैन समुदाय के निर्वाण महोत्सव के दौरान हादसा हो गया। यहां 65 फीट ऊंचे मंच की सीढ़ियां टूट गईं। इससे कई श्रद्धालु एक दूसरे पर गिरते चले गए। भगदड़ जैसे हालात हो गए। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 80 से अधिक लोग घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। स्थानीय लोगों ने घटना में खून से लथपथ श्रद्धालुओं को ठेले से अस्पताल पहुंचाया। सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लिया। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे।
हादसा बागपत शहर से 20 किमी दूर बड़ौत तहसील में सुबह 7 से 8 बजे के बीच हुआ। महोत्सव में आदिनाथ भगवान को प्रसाद चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। 65 फीट ऊंचा लकड़ी का मंच बनाया था। उस पर भगवान की 4-5 फीट ऊंची प्रतिमा रखी थी। श्रद्धालु भगवान तक पहुंचने के लिए मचाननुमा सीढ़ियों से ऊपर चढ़ रहे थे। वजन बढ़ने से पूरा मचान नीचे गिर गया।
पुलिस ने सीढ़ी बनाने वाले ठेकेदार वसीम को हिरासत में ले लिया है। उस पर केस दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच बैठाई है। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी जैन समुदाय के निर्वाण महोत्सव के दौरान घायल हुए लोगों से मिलने पहुंचे। उन्होंने लोगों का हाल जाना। उन्होंने सभी घायल और मृतकों के परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया।
प्रत्यक्षदर्शी अशोक जैन ने कहा- बल्ली गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। काफी देर तक समझ नहीं आया क्या करें? काफी लोग नीचे गिरे थे। कुछ नीचे दबे थे। सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन ने बहुत सहयोग किया है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी राजेश ने बताया- सभी लोग दर्शन के लिए जा रहे थे। बल्ली और बांस की सीढ़ियां बनाई गई थी। भक्त ऊपर चढ़ रहे थे, तभी अचानक एक बल्ली खिसक गई। उसके बाद एक-एक करके सभी बल्लियां खिसकने लगी। ये देखकर भगदड़ मच गई। कुछ लोग सीढ़ियों से लुढ़कते हुए नीचे आए। कुछ सीधे ऊपर से ही नीचे गिर गए। काफी लोग नीचे दबे थे। सभी लोग को मुश्किल से बाहर निकाला गया।