बुलंदशहर : नर्सिंग होम में बार अध्यक्ष से मारपीट, डॉक्टर समेत स्टाफ के 8-10 पर FIR दर्ज
बुलंदशहर के कालाआम स्थित सुधीर नर्सिंग होम में बुलंदशहर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। बार अध्यक्ष की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला डॉक्टर चित्रा और नर्सिंग होम के 8 से 10 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां के साथ लिफ्ट में फंसे थे बार अध्यक्ष
शिकायत के अनुसार, घटना 20 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे की है। बार अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा अपनी वृद्ध मां के साथ एक मरीज से मिलने नर्सिंग होम गए थे। दोनों मां-बेटे लिफ्ट में सवार हुए थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बंद हो गई।
लिफ्ट में फंसने की शिकायत करने पर डॉक्टर चित्रा 8 से 10 कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि लिफ्ट की समस्या दूर करने के बजाय कर्मचारियों ने बार अध्यक्ष के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि डॉक्टर चित्रा ने उनकी जेब से 4,500 रुपए निकाल लिए। उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और जमीन पर पटककर तोड़ दिया।
शोर सुनकर बार अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी और उनके भाई मौके पर पहुंचे और उन्हें आरोपियों से बचाया। आरोप है कि बाद में डॉक्टर चित्रा के पति डॉ. सुधीर ने टूटा हुआ मोबाइल तो वापस कर दिया, लेकिन रुपये वापस नहीं किए। मारपीट में घायल बार अध्यक्ष का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

