अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी
बुलंदशहर के जहांगीराबाद के चांदौक दोराहा पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को बिजलीघर के सामने विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर बीडीए टीम ने बुलडोजर चलाया।
इस कार्रवाई के तहत निर्माणाधीन सड़क और बिजली के पोल उखाड़ दिए गए। इससे पहले गुरुवार को भी चांदौक दोराहा के पास एक अवैध कॉलोनी पर बीडीए का बुलडोजर चला था। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। बीडीए सचिव वान्या सिंह ने बताया कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नगर में कई स्थानों पर बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की बिना स्वीकृति के कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। प्राधिकरण अब इन अवैध निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।

