News

बुलंदशहर : यूरिया कालाबाजारी में 8 पर केस दर्ज

बुलंदशहर में यूरिया की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। रविवार को अनूपशहर गंगा पुल से तीन ट्रकों में ले जाए जा रहे 1575 बोरे यूरिया पकड़े गए। इस मामले में जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर अनूपशहर कोतवाली पुलिस ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक और कर्मचारियों सहित आठ लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

बुलंदशहर के जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि ईसी एक्ट के तहत अनूपशहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि खाद माफिया पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने जानकारी दी कि तीन ट्रकों में भरे 1575 बैग यूरिया विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से खाद माफिया को बेचे गए थे। खाद माफिया हारून ने इस यूरिया के लिए हरेंद्र सिंह को 4.50 लाख रुपये नकद और एक लाख रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान किया था।

यूरिया कालाबाजारी सिंडिकेट के खिलाफ शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक सहित लेखाकार और भंडारण नायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अमित कुमार त्यागी ने बताया कि प्रबंधक निदेशक डॉ. चंद्र भूषण ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा, सहायक लेखाकार यश राघव, भंडारण नायक हरेंद्र प्रताप और रावेंद्र को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। इन चारों को चित्रकूट मंडल के बांदा जिले से संबद्ध किया गया है।

ट्रक चालक कोर्ट में हुआ पेश

जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने डीएम की संस्तुति के बाद अनूपशहर कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें मोहम्मद हारुन (निवासी हमीरपुर टांडा, जिला रामपुर), असलम (निवासी सैलानी शाहबाद, रामपुर), शेर अली (बिहटा, बदायूं), सौपाल सिंह (बहजोई, सम्भल), पीसीएफ कर्मचारी हरेंद्र पाल सिंह, पीसीएफ कर्मचारी यश राघव, पीसीएफ बुलंदशहर के जिला प्रबंधक और पीसीएफ बुलंदशहर के भंडारण नायक रावेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि मौके पर पकड़े गए खाद माफिया और ट्रक चालक को अदालत में पेश किया गया है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *