बुलंदशहर : ड्राइविंग सेंटर पर फेल अभ्यर्थियों को रिश्वत लेकर पास करने पर FIR दर्ज
बुलंदशहर के खुर्जा स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं लाइसेंस सेंटर पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पास कराने के नाम पर हजारों रुपये लेने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि सेंटर पर अभ्यर्थियों को जानबूझकर टेस्ट में फेल किया जाता है। इसके बाद उन्हें ‘सेटिंग’ के नाम पर मोटी रकम लेकर पास कराया जाता है। एक पीड़ित युवक ने एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि वह लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए खुर्जा देहात क्षेत्र स्थित ड्राइविंग लाइसेंस सेंटर पहुंचा था। उसने निर्धारित प्रक्रिया के तहत टेस्ट दिया, लेकिन उसे फेल घोषित कर दिया गया।
पास कराने के लिए 5500 रुपए मांगे पीड़ित का आरोप है कि टेस्ट में फेल होने के बाद सेंटर से जुड़े कुछ कर्मचारियों ने उससे संपर्क किया। उन्होंने पैसे देने पर लाइसेंस आसानी से पास कराने की बात कही। पीड़ित के अनुसार, सेंटर के मैनेजर रमित सरदार समेत अन्य कर्मचारियों ने उससे करीब 5500 रुपये की मांग की। युवक ने मजबूरी में यह राशि दी, जिसके बाद उसे पास कर दिया गया।
यह मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। आरोप है कि सेंटर पर लंबे समय से इसी तरह की अवैध वसूली चल रही है, जिसमें आम लोगों से लाइसेंस बनवाने के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के आदेश पर थाना खुर्जा देहात में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सेंटर के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान सेंटर की कार्यप्रणाली, टेस्ट प्रक्रिया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि लाइसेंस पास कराने के नाम पर अवैध वसूली का नेटवर्क कितना बड़ा है। एआरटीओ सतीश कुमार ने कहा है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

