बुलंदशहर : फरियादी सुनाते रहे शिकायतें, कुर्सी पर सोता रहा दरोगा
स्याना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक दरोगा का कथित तौर पर कुर्सी पर बैठे-बैठे सोते हुए दिखाई देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि Umh News नहीं करता है।
दरअसल, शनिवार को स्याना तहसील में एसडीएम लालजी विश्वकर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने आए एक कथित वीडियो में थाना खानपुर पर तैनात दरोगा विनोद कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि वह कुछ समय तक झपकी लेते दिखाई दिए, जबकि आसपास शिकायतों की सुनवाई चल रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने समाधान दिवस जैसे कार्यक्रम की गंभीरता पर सवाल उठाते हुए टिप्पणियां कीं। कुछ लोगों ने इसे सरकारी कार्यक्रमों में लापरवाही का उदाहरण बताया, जबकि कुछ लोगों ने बिना पूरी जानकारी निष्कर्ष निकालने से बचने की सलाह भी दी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामकरण सिंह ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और पूरे प्रकरण से उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा। जांच में यदि कोई लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार दरोगा पर कार्रवाई की जाएगी।

