बुलंदशहर : फलदार पेड़ों का अवैध कटान, वीडियो वायरल
बुलंदशहर के बुगरासी चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। शनिवार को रुखीभगवानपुर गांव में फलदार वृक्षों के अवैध कटान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए इस वीडियो में हरे-भरे पेड़ों को काटते हुए दिखाया गया है। जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण अवैध कटान लगातार जारी है।
स्याना तहसील, जो अपनी फल पट्टी के लिए जानी जाती है, अब अपनी पहचान खो रही है। वन माफिया क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय हैं और प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर फलदार वृक्षों को ‘रोगग्रस्त’ बताकर काट रहे हैं।
इस मामले पर डीएफओ हरेंद्र सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएफओ ने अधीनस्थों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं और टीम को मौके पर भेजा जा रहा है।
हरेंद्र सिंह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि हरे और फलदार वृक्षों को काटने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ऐसे कृत्यों को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।

