Live News

बुलंदशहर : रिटायर्ड पुलिसवाले ने कार से पपी को 5 बार कुचला,  DIG ने करवाई FIR

Share News
5 / 100

बुलंदशहर में एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने सड़क पर सो रहे एक पपी (कुत्ते का बच्चा) को कुचलकर मार डाला। उसने पपी पर 5 बार अपनी कार चढ़ाई। पपी दर्द से चीखता रहा। उसकी मां भौंकते हुए दौड़ी, लेकिन आरोपी को कोई फर्क नहीं पड़ा।

पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जो वायरल है। सोशल मीडिया पर लोग अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। वीडियो डीआईजी कलानिधि नैथानी तक भी पहुंचा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ एफआईआर लिखवाई है। रिटायर्ड पुलिसकर्मी को हिरासत में ले लिया गया है।

मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के यमुना पुरम का है। शनिवार की शाम 4 बजे के करीब यमुनापुरम में सड़क पर एक पपी सो रहा था। तभी गंगानगर निवासी सुखबीर सिंह (70) अपनी (DL6CS2348) नंबर की कार से आया। उसने जानबूझकर कार का अगला पहिया पपी पर चढ़ा दिया। इसके बाद कार को रिवर्स गियर में लेकर फिर से अगले पहिए से चार बार पपी को कुचला। मन नहीं भरा तो फिर पिछले पहिए से पपी को कुचलते हुए निकल गया।

पपी की चीखने की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर बैठी उसकी मां दौड़कर आई। भौंककर आरोपी को रोकने की कोशिश की। लेकिन कार में बैठे सुखबीर को तरस नहीं आया। पपी को कुचलने के बाद उसने कार रोकी। एक नजर उसे गौर से देखा कि मर गया या नहीं। इसके बाद पास के एक मकान के अंदर चला गया।

एएसपी सिटी रिजुल कुमार ने बताया कि पशु प्रेमी प्रिया बनर्जी ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ देहात कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एएसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पुलिस विभाग में काम करता था और वर्ष 2015 में सेवानिवृत्त हुआ था।

5 / 100

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *